आसनसोल दुर्गापुर पुलिस की तत्परता से घर लौटे बिछड़े दो नन्हे मासूम

आसनसोल दुर्गापुर पुलिस की तत्परता से घर लौटे बिछड़े दो नन्हे मासूम

आसनसोल(तारकेश्वर राय ): आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट न केवल अपराध नियंत्रण में मिसाल कायम कर रहा है, बल्कि आम जनमानस के बीच अपने सेवा भाव और संवेदनशीलता के कारण 'विश्वस्त रक्षक' के रूप में उभर रहा है। थानों में दर्ज शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और मामलों के सफल निपटारे ने जनता का पुलिस के प्रति भरोसा कई गुना बढ़ा दिया है।इस कार्यकुशलता की एक बानगी हाल ही में कुल्टी थाना क्षेत्र में देखने को मिली। 29 जून 2026 की शाम, दो चचेरे भाई—11 वर्षीय अंकित और 9 वर्षीय राजा—खेलते-खेलते अचानक लापता हो गए। देर शाम तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों में कोहराम मच गया। हर संभावित स्थान पर तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो 30 जून को परिजनों ने कुल्टी पुलिस को मामले की जानकारी दी।मामले की गंभीरता को भांपते हुए कुल्टी पुलिस ने बिना समय गंवाए सक्रियता दिखाई। बच्चों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रानीगंज रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिससे पता चला कि बच्चे अनजाने में धनबाद जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए थे।

​सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस की सतर्कता का ही परिणाम था कि दोनों बच्चे धनबाद स्टेशन पर सकुशल मिल गए। कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए, महज 24 घंटे के भीतर बच्चों को उनके माता-पिता से मिलवा दिया गया। अपने बच्चों को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।कुल्टी पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई यह प्रमाणित करती है कि आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट अब केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि आम जनता के दुःख-दर्द में भी तत्परता के साथ खड़ा है। 'पुलिस आपकी मित्र है'—इस ध्येय वाक्य को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता और मानवीय दृष्टिकोण से चरितार्थ कर दिखाया है। यह घटना न केवल कमिश्नरेट की सजगता का प्रमाण है, बल्कि उन परिवारों के लिए उम्मीद की एक नई किरण है जो किसी भी संकट की घड़ी में पुलिस की ओर आशा भरी नज़रों से देखते हैं।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0